Noida Electricity: नोएडा में बदली जाएंगी 1090 किलोमीटर बिजली लाइनें, आंधी-बारिश में भी नहीं कटेगी सप्लाई

Noida Electricity: नोएडा में बदली जाएंगी 1090 किलोमीटर बिजली लाइनें, आंधी-बारिश में भी नहीं कटेगी सप्लाई
नोएडा और आसपास के सेक्टरों व गांवों में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़ा अभियान शुरू किया गया है। विद्युत निगम द्वारा 1090 किलोमीटर लो टेंशन (एलटी) लाइन बदली जाएगी, जिससे बिजली आपूर्ति में सुधार होने के साथ फॉल्ट और कटौती की समस्या भी कम होगी। अधिकारियों का दावा है कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद खराब मौसम और आंधी-बारिश के दौरान भी लोगों को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
जानकारी के मुताबिक यह कार्य स्काडा योजना के तहत किया जा रहा है। फिलहाल करीब सात किलोमीटर एलटी लाइन बदलने का काम पूरा हो चुका है, जबकि बाकी क्षेत्रों में जल्द काम तेज किया जाएगा।
विद्युत निगम के अधिकारियों के अनुसार पुरानी और कमजोर बिजली लाइनों की वजह से कई इलाकों में फॉल्ट और ट्रिपिंग की समस्या सामने आती थी। नई एलटी लाइनें बिछने के बाद बिजली ढांचा पहले से अधिक मजबूत होगा और तकनीकी खराबियां कम होंगी।
विवेक कुमार पटेल ने बताया कि शहर में एलटी लाइन बिछाने का कार्य शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि अगले कुछ महीनों में बिजली व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा और उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा मिलेगी।
अधिकारियों का लक्ष्य वर्ष 2027 तक पूरे कार्य को पूरा करने का है। परियोजना के तहत सेक्टरों के साथ ग्रामीण इलाकों में भी बिजली ढांचे को मजबूत किया जाएगा, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से बेहतर आपूर्ति मिल सके।





