उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

Uttar Pradesh : हापुड़ में नाले किनारे मिला युवक का शव, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

Hapur News : जनपद हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र के रजापुर गांव के पास नाले किनारे एक युवक का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मंगलवार सुबह राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान बुलंदशहर जिले के करोंजी गांव निवासी 25 वर्षीय शिवकुमार के रूप में की गई।

जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह स्थानीय राहगीरों ने रजापुर गांव के निकट नाले के किनारे एक युवक का शव पड़ा देखा और तुरंत सिंभावली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान शव से कुछ दूरी पर एक बुलेट मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

शव की पहचान कर पुलिस ने मृतक शिवकुमार के परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए काफी देर तक हंगामा किया। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की और कहा कि शिवकुमार की हत्या कर शव यहां फेंका गया है। देखते ही देखते आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। वारदात को लेकर परिजन और लोगों में रोष व्याप्त हो गया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण और प्रकृति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच विभिन्न पहलुओं पर की जा रही है।

सिंभावली पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। मोटरसाइकिल के नंबर और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस छानबीन कर रही है। पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी संभावित आरोपी के बारे में ठोस जानकारी नहीं मिली है, लेकिन जांच तेजी से चल रही है।

Related Articles

Back to top button