राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

Uttar Pradesh : गंगा एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, दो महिलाओं और आठ माह के मासूम की मौत

Hapur News : हापुड़ में गंगा एक्सप्रेसवे पर देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने तीन जिंदगियां छीन लीं। तेज रफ्तार कैंटर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया, जिससे मौके पर ही दो महिलाओं और आठ माह के मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।

मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा शनिवार रात करीब 12:15 बजे सदरपुर टोल प्लाजा के पास जखेड़ा रहमतपुर क्षेत्र में हुआ। बरेली जिले के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के गांव सकतीया सिंगवाली निवासी पांच सदस्यीय परिवार कैंटर से लुधियाना, पंजाब जा रहा था। बताया जा रहा है कि परिवार काम और बेहतर भविष्य की तलाश में पंजाब की ओर रवाना हुआ था।

तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कैंटर डिवाइडर से जोरदार टकराकर पलट गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में श्रीदेवी (28 वर्ष) पत्नी अभिषेक और सावित्री देवी (32 वर्ष) पत्नी लालाराम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आठ माह के मासूम अभिजीत पुत्र अभिषेक ने भी वाहन के नीचे दबकर दम तोड़ दिया। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

घायलों में लालाराम निवासी सकतीया सिंगवाली, बरेली तथा अभिषेक निवासी मांझगांव, थाना मल्लभा, जनपद हरदोई शामिल हैं। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम, थाना बहादुरगढ़ प्रभारी इंद्रकांत यादव, सिम्भावली थाना प्रभारी सुरेश कुमार और सीओ स्तुति सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासन की टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया तथा शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। शुरुआती जांच में ओवर स्पीड और चालक की थकान को दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। गंगा एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रहे हादसों ने यात्रियों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

Related Articles

Back to top button