उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

Uttar Pradesh : बुलंदशहर में बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार परिवार को रौंदा, पति-पत्नी समेत तीन बच्चों की मौत

Bulandshahar News (अवनीश त्यागी) : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में नेशनल हाईवे-34 पर शुक्रवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। देहात कोतवाली क्षेत्र के भंसौली कट के पास तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार परिवार को रौंद दिया। हादसे में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चों समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

मृतकों की पहचान देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव धुमैड़ा कीरत निवासी उत्तम सिंह, उनकी पत्नी और तीन बच्चों के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार खुर्जा से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान भंसौली कट के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह टूट गया और पांचों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह, एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजेय और सीओ सिटी प्रखर पांडे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हुई है। घटनास्थल से हरियाणा नंबर प्लेट का टूटा हुआ हिस्सा बरामद हुआ है, जिसके आधार पर फरार ट्रक और चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button