Noida Airport Flight Booking: नोएडा एयरपोर्ट से फ्लाइट बुकिंग शुरू, 15 जून से उड़ान सेवा का आगाज

Noida Airport Flight Booking: नोएडा एयरपोर्ट से फ्लाइट बुकिंग शुरू, 15 जून से उड़ान सेवा का आगाज
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने का सपना अब हकीकत में बदलने जा रहा है। गुरुवार शाम से एयरपोर्ट के लिए यात्री टिकटों की बुकिंग शुरू हो गई है। लंबे समय से इंतजार कर रहे दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए यह बड़ी खुशखबरी मानी जा रही है। एयरपोर्ट से पहली विमान सेवा 15 जून से शुरू होगी और पहली उड़ान नोएडा से लखनऊ के लिए संचालित की जाएगी।
ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म मेक माई ट्रिप पर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पहचान DXN कोड से की जाएगी। हालांकि यह कोड पिछले कुछ महीनों से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर दिखाई दे रहा था, लेकिन अब तक फ्लाइट की जानकारी उपलब्ध नहीं हो रही थी। अब गुरुवार से टिकट बुकिंग और उड़ानों की जानकारी ऑनलाइन अपडेट होनी शुरू हो गई है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण पहले चरण में 1334 हेक्टेयर क्षेत्र में किया गया है। इस चरण में 3900 मीटर लंबा रनवे, आधुनिक टर्मिनल भवन, एयर ट्रैफिक कंट्रोल टॉवर और करीब 30 एकड़ में फैला कार्गो हब तैयार किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च को इस एयरपोर्ट का लोकार्पण किया था। इसके बाद से यहां घरेलू और कार्गो उड़ानों की शुरुआत की तैयारियां तेज कर दी गई थीं।
यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (YIAPL) के अनुसार, नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो से एयरोड्रम सिक्योरिटी प्रोग्राम को मंजूरी मिलने के बाद 15 जून से आधिकारिक रूप से उड़ान सेवा शुरू करने का फैसला लिया गया है। शुरुआत में इंडिगो एयरलाइंस अपनी सेवाएं देगी। इसके बाद अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी यहां से उड़ानें शुरू करेंगी।
जानकारी के मुताबिक एयरपोर्ट से शुरुआती चरण में 17 शहरों के लिए उड़ान सेवा शुरू करने की योजना है। इनमें लखनऊ, मुंबई, कश्मीर, जयपुर, अहमदाबाद, बेंगलुरु, वाराणसी, अयोध्या और गोवा जैसे प्रमुख शहर शामिल हो सकते हैं। इससे नोएडा एयरपोर्ट देश के बड़े एयर नेटवर्क से सीधे जुड़ जाएगा।
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार उड़ान शुरू होने से करीब 30 दिन पहले टिकट बुकिंग शुरू करने का नियम है। इसी के तहत अब टिकट बिक्री की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं एयरपोर्ट से यात्रियों की सुविधा के लिए पहले दिन से ही बस सेवा भी शुरू होगी। उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली, हरियाणा और उत्तराखंड तक बस संचालन की तैयारी पूरी कर ली गई है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को भविष्य में एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट्स में शामिल करने की योजना है। यहां कुल पांच रनवे बनाए जाने प्रस्तावित हैं और भविष्य में छठा रनवे भी तैयार किया जा सकता है। रनवे की संख्या के लिहाज से यह एशिया का सबसे बड़ा और दुनिया का छठा सबसे बड़ा एयरपोर्ट बन सकता है।
सिर्फ रनवे ही नहीं, बल्कि क्षेत्रफल के लिहाज से भी यह एयरपोर्ट रिकॉर्ड बना सकता है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट कुल 52 स्क्वायर किलोमीटर क्षेत्र में विकसित किया जाना प्रस्तावित है। अगर यह योजना पूरी होती है तो यह एरिया के हिसाब से एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बन जाएगा। फिलहाल चीन का बीजिंग डेक्सिंग इंटरनेशनल एयरपोर्ट 47 स्क्वायर किलोमीटर क्षेत्र के साथ एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट माना जाता है।





