Uttar Pradesh : हापुड़ में गंगा एक्सप्रेसवे किनारे मिला युवक का शव, मानसिक परेशानी से जूझ रहा था मृतक

Hapur News : हापुड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव मधापुर निवासी प्रदीप के रूप में हुई है, जो पिछले करीब दो वर्षों से मानसिक रूप से परेशान बताए जा रहे थे। मंगलवार रात घर से निकलने के बाद बुधवार सुबह उनका शव हाईवे किनारे बरामद हुआ।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह पेट्रोलियम टीम गंगा एक्सप्रेसवे पर गश्त कर रही थी। जैसे ही टीम गांव दतियाना के पास पहुंची, उन्हें सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव दिखाई दिया। टीम ने तत्काल सिंभावली थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास शुरू किया।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि मृतक की शिनाख्त गांव मधापुर निवासी प्रदीप के रूप में हुई है। प्रदीप गांव में चक्की चलाने का काम करते थे, लेकिन बीते कुछ समय से उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी।
परिवार के लोगों ने बताया कि मंगलवार रात प्रदीप अचानक घर से निकल गए थे और वापस नहीं लौटे। बुधवार सुबह शव मिलने की सूचना जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। पत्नी, बेटे और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे।
सिंभावली थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि प्रदीप की मौत किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल किसी आपराधिक पहलू से इनकार नहीं किया गया है।





