राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

Uttar Pradesh : हापुड़ में अज्ञात वृद्ध का शव मिलने से सनसनी, पहचान के प्रयास जारी

Hapur News : हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब बक्सर स्याना नहर में एक अज्ञात वृद्ध व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिला। शव को देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद इलाके में हलचल मच गई।

सूचना मिलते ही सिंभावली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। पुलिस ने मौके पर ही मृतक की पहचान कराने के लिए काफी प्रयास किए, लेकिन देर शाम तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।

मृतक के हाथ पर ‘गुड्डू शर्मा’ नाम लिखा हुआ मिला है, जिसके आधार पर पुलिस उसकी पहचान स्थापित करने की कोशिश कर रही है। इसके साथ ही आसपास के थानों में भी सूचना भेजी जा रही है ताकि मृतक के बारे में कोई जानकारी मिल सके।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। सिंभावली थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के असली कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। उन्होंने कहा कि मृतक की पहचान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button