उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

Uttar Pradesh : हापुड़ में युवक के ‘अपहरण’ की सूचना निकली गलत, नोएडा पुलिस हिरासत में ले गई

Hapur News : हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित बुलंदशहर रोड के एक पेट्रोल पंप से युवक के दिनदहाड़े अपहरण की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, लेकिन जांच में मामला कुछ और ही निकला। सच्चाई सामने आने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।

मामला तब सामने आया जब थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के गांव जरौठी मार्ग निवासी ब्रह्मपाल सिंह ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी कि उसका भतीजा अरुण जेटली, जो बुलंदशहर के थाना सिकंदराबाद क्षेत्र के गांव मंडावरा का रहने वाला है, 27 अप्रैल को अपने दोस्तों तनिष्क और सिद्धार्थ के साथ हापुड़ से घर लौट रहा था। शाम करीब चार बजे वह तहसील चौराहे के पास एक पेट्रोल पंप पर पानी पीने के लिए रुका था, तभी एक कार में सवार तीन लोग आए और उसे जबरन कार में डालकर ले गए।

सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। युवक की तलाश के लिए पुलिस टीमों को भी सक्रिय कर दिया गया।

नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय के अनुसार जांच में सामने आया कि युवक का अपहरण नहीं हुआ था, बल्कि अवैध हथियारों की बिक्री के मामले में नोएडा के थाना कासना पुलिस उसे हिरासत में लेकर गई थी। इस संबंध में उच्चाधिकारियों और परिजनों को अवगत करा दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक हापुड़ के कोतवाली नगर और थाना देहात में युवक के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं, जिसके चलते उस पर कार्रवाई की गई।

Related Articles

Back to top button