Uttar Pradesh : बुलंदशहर में तीन दोस्तों का हत्यारोपी ‘बर्थडे बॉय’ एनकाउंटर में ढेर

Bulandshahar News (अवनीश त्यागी) : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में तीन दोस्तों की हत्या के मुख्य आरोपी ‘बर्थडे बॉय’ जीतू सैनी को गुरुवार सुबह पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया। सुबह करीब पांच बजे स्कूटी सवार बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हुई, जिसमें 50 हजार के इनामी जीतू को तीन गोलियां लगीं। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मुठभेड़ के दौरान इंस्पेक्टर मोहम्मद असलम और हेड कॉन्स्टेबल मोहित मलिक भी घायल हो गए। दोनों को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना के बाद अस्पताल के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है।

दरअसल 25 मार्च की रात खुर्जा स्थित आरजेएस फिटनेस जिम में जन्मदिन की पार्टी के दौरान जीतू सैनी ने अपने साथियों के साथ मिलकर तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतकों में मनीष सैनी, आकाश और अमरदीप सैनी शामिल थे। बताया गया कि पार्टी के दौरान दोस्तों द्वारा जीतू के चेहरे पर केक लगाने से विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया और आरोपी ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी।

इस मामले में पुलिस ने जीतू सैनी सहित 10 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले ही मयंक सैनी, रिंकू सैनी और भारत सैनी को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया था। रिंकू और भारत पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

एसएसपी दिनेश कुमार सिंह के अनुसार गुरुवार सुबह चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की। इसी दौरान मुख्य आरोपी जीतू सैनी घायल हुआ, जिसे बाद में मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img