Digital India Summit: डिजिटल लेनदेन ने बदली अर्थव्यवस्था की तस्वीर, नंदी बोले—बढ़ती कार्य क्षमता का प्रमाण

Digital India Summit: डिजिटल लेनदेन ने बदली अर्थव्यवस्था की तस्वीर, नंदी बोले—बढ़ती कार्य क्षमता का प्रमाण
नोएडा: प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान के चलते देश में डिजिटल लेनदेन में तेजी से वृद्धि हुई है और भारत दुनिया की सबसे मजबूत डिजिटल सार्वजनिक संरचना के रूप में उभरा है। उन्होंने इसे देश की बढ़ती कार्य क्षमता, कुशलता और विश्वास का प्रमाण बताया।
वे ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट सेंटर में आयोजित मनी अल्फा 360 डिग्री शिखर सम्मेलन के उद्घाटन अवसर पर संबोधित कर रहे थे। यह सम्मेलन वित्त, निवेश, धन प्रबंधन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित फाइनेंस और उभरती तकनीकों को एक मंच पर लाता है, जहां निवेशक, फिनटेक संस्थापक और वित्तीय विशेषज्ञ एक-दूसरे के साथ विचार साझा करते हैं।
नंदी ने अपने संबोधन में कहा कि एक समय ऐसा था जब वित्तीय लेनदेन पूरी तरह कागजों पर आधारित होता था और लोगों को लंबी लाइनों में खड़ा रहना पड़ता था। बैंकिंग प्रणाली धीमी और सीमित थी, जिससे अवसर भी कुछ लोगों तक ही सीमित रहते थे।
उन्होंने कहा कि आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। अब एक सब्जी विक्रेता और चाय बेचने वाला भी क्यूआर कोड के जरिए भुगतान स्वीकार कर रहा है, जबकि बड़े निवेशक वैश्विक स्तर पर आसानी से पूंजी का आदान-प्रदान कर रहे हैं। इससे देश की अर्थव्यवस्था और जीडीपी में भी महत्वपूर्ण योगदान सुनिश्चित हुआ है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि वर्तमान समय में बदलाव की गति बहुत तेज है और जो लोग अवसर का लाभ नहीं उठाएंगे, वे पीछे रह जाएंगे। ऐसे में मनी अल्फा 360 डिग्री शिखर सम्मेलन जैसे प्लेटफॉर्म आज के दौर में अनिवार्य बन चुके हैं, जहां जानकारी और नेटवर्किंग के जरिए नए अवसरों को समझा जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रदेश के विकास कार्यों और सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा की। इस मौके पर राकेश कुमार सिंह (सीईओ, यमुना प्राधिकरण), वंदना त्रिपाठी (एसीईओ, नोएडा प्राधिकरण), चरनजोत सिंह नंदा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।





