Uttar Pradesh : गृह के समान करें ग्रह की चिंता, पृथ्वी बचाने का लिया संकल्प- भारत भूषण गर्ग

Hapur News : जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर भगवंतपुर वन ब्लॉक में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि पर्यावरणविद भारत भूषण गर्ग ने लोगों को पृथ्वी संरक्षण के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सामाजिक संस्था लोक भारती के कार्यकर्ता तथा पर्यावरण एवं वन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि भारत भूषण गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि बिना वृक्षारोपण के पृथ्वी को सुंदर और सुरक्षित बनाना संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि विश्व पृथ्वी दिवस की शुरुआत वर्ष 1970 में अमेरिका से हुई थी और आज यह 190 से अधिक देशों में मनाया जाता है, जबकि भारत में प्रकृति पूजन की परंपरा प्राचीन काल से चली आ रही है। उन्होंने कहा कि हमारे यहां कोई भी शुभ कार्य जल और प्रकृति की पूजा के बिना पूर्ण नहीं होता।
उन्होंने कहा कि पृथ्वी पर उपलब्ध संसाधन हमारी जरूरतों को पूरा कर सकते हैं, लेकिन हमारे लालच को नहीं। वर्तमान समय में तथाकथित विकास की दौड़ में पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंच रहा है, जो भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने चिंता जताई कि आज बच्चों को भी पृथ्वी बचाने के लिए जागरूक करना पड़ रहा है, जो बदलते परिवेश का संकेत है।
इस वर्ष की थीम ‘हमारा ग्रह, हमारी शक्ति’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पृथ्वी हमें जीवन के लिए आवश्यक सभी संसाधन देती है, लेकिन मानव के बढ़ते लालच ने पर्यावरणीय संतुलन को बिगाड़ दिया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे प्लास्टिक का कम उपयोग करें, हर खुशी के अवसर पर एक पौधा लगाएं और जल की एक-एक बूंद बचाने का प्रयास करें, क्योंकि जल के बिना जीवन संभव नहीं है।
उन्होंने चेतावनी दी कि पर्यावरणीय संकट लगातार गहराता जा रहा है, नदियां सूख रही हैं, हवा प्रदूषित हो चुकी है और प्लास्टिक का असर जीवन पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण की तलाश में लोग पहाड़ों की ओर जा रहे हैं, लेकिन वहां का पर्यावरण भी दूषित किया जा रहा है। ऐसे में पृथ्वी को बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गढ़मुक्तेश्वर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी करण सिंह ने कहा कि यह दिन केवल औपचारिकता नहीं बल्कि संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाएं और उसका पालन-पोषण कर उसे वृक्ष बनाएं। उन्होंने आश्वासन दिया कि वन विभाग इस कार्य में समाज के साथ खड़ा है।
कार्यक्रम में गंगा सेवक मूलचंद आर्य, सूबेदार जगदीश सिंह चौहान, वन दरोगा जयपाल सिंह और सचिन कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामपुर न्यामतपुर के ग्राम प्रधान टीकम सिंह ने की। इस अवसर पर शिवा, देवा, तेजपाल सिंह, कपिल कुमार, हरिराम, रवि कुमार और अरविंद कुमार सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।





