Uttar Pradesh : हापुड़ में सड़क हादसे में जान गंवाने वाली तीन महिलाओं को नम आँखों से दी अंतिम विदाई

Hapur News : हापुड़ के हाफिजपुर थाना क्षेत्र में एनएच-334 पर गुरुवार शाम हुए एक भीषण सड़क हादसे ने गांव ब्रजनाथपुर को गहरे शोक में डुबो दिया है। तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी महिलाओं और मासूम बच्चों को कुचल दिया था, जिसमें तीन महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि एक महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव ब्रजनाथपुर की निवासी सितारा और सरोज शर्मा गुलावठी बाजार जाने के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान गांव की शारदा अपनी विवाहिता पुत्री रूबी और उसके दो बच्चों लविश और खुशी को उनकी ससुराल ग्राम नरैना छोड़ने आई थीं। सभी लोग झंडा मुर्शदपुर के पास एक ढाबे के समीप खड़े होकर वाहन का इंतजार कर रहे थे, तभी हापुड़ की ओर से आई एक कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे उन पर चढ़ गई।
हादसे में सितारा और सरोज शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल शारदा को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस घटना में रूबी और उसके दोनों बच्चे लविश और खुशी गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही गांव ब्रजनाथपुर में शोक की लहर दौड़ गई। हर घर में मातम का माहौल छा गया और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। शुक्रवार सुबह जब तीनों मृतक महिलाओं के शव पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचे तो परिजनों के विलाप से पूरा माहौल गमगीन हो उठा। बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतकों के घरों के बाहर एकत्रित हुए और शोक संतप्त परिवारों को सांत्वना देते नजर आए।
पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कराई गई। दो महिलाओं का हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार किया गया जबकि तीसरी महिला के शव को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। पूरे गांव में इस दौरान सन्नाटा और शोक का माहौल बना रहा।




