Uttar Pradesh : हापुड़ में तेज रफ्तार कार के कहर का मामला, तीसरी महिलाओं की भी मौत, दो घायल

Hapur News : हापुड़ में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। हाफिजपुर थाना क्षेत्र के हाईवे-334 पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और वहां बस का इंतजार कर रही महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा गांव मुर्शदपुर के पास यादव ढाबे के सामने हुआ, जहां अचानक मची चीख-पुकार से माहौल दहल उठा।
इस भीषण दुर्घटना में बृजनाथपुर निवासी 52 वर्षीय सितारा और 60 वर्षीय सरोज शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गांव की ही शारदा पत्नी लेखराम ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में रूबी पत्नी पवन और उसका छह साल का बेटा लविश गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। मृतकों के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है, जिससे परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।





