Uttar Pradesh : हापुड़ में एक ही रात में तीन जगह चोरी, लाखों का सामान पार होने से व्यापारियों में रोष

Hapur News : थाना देहात क्षेत्र के स्वर्ग आश्रम रोड स्थित मोदी अस्पताल के पास शनिवार रात चोरों ने ताबड़तोड़ वारदातों को अंजाम देकर हड़कंप मचा दिया है। चोरों ने एक ही रात में तीन अलग-अलग प्रतिष्ठानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। रविवार सुबह जब व्यापारी अपनी दुकानों पर पहुंचे तो टूटे शटर और ताले देखकर उनके होश उड़ गए, जिससे पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार स्वर्ग आश्रम रोड पर स्थित शिवम की शिवा मोबाइल दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। शनिवार शाम दुकान बंद कर शिवम घर चले गए थे। देर रात चोरों ने शटर तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और 24 हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन तथा अन्य सामान सहित करीब 50 हजार रुपये का माल चोरी कर लिया।
इसके बाद चोरों ने कुछ दूरी पर स्थित अनुज की सांई मेडिकल एजेंसी में भी ताला तोड़कर प्रवेश किया। यहां से चोर तीन पेटी सिरप, टैबलेट के कार्टन और अन्य दवाइयों सहित लाखों रुपये का स्टॉक ले गए। चोरों का हौसला इतना बढ़ा हुआ था कि उन्होंने पास में ही स्थित अशोक कुमार की चॉकलेट एजेंसी के गोदाम को भी नहीं छोड़ा और वहां से भी लाखों रुपये मूल्य का चॉकलेट व अन्य सामान चोरी कर लिया।
एक ही रात में तीन स्थानों पर हुई चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि गर्मी शुरू होते ही चोरी की घटनाएं बढ़ने लगी हैं और रात में पुलिस गश्त पर्याप्त नहीं है। उन्होंने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है, ताकि सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
सूचना मिलने पर थाना देहात पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई गई। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने बताया कि विभिन्न पहलुओं पर जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।




