राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

उत्तर प्रदेश : हिमंता बिस्वा सरमा के बयान के विरोध में हापुड़ में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, पुतला फूंका

Hapur News : हापुड़ में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ता दिल्ली रोड स्थित कार्यालय पर एकत्रित हुए और मुख्यमंत्री का पुतला फूंकते हुए उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी और शहर अध्यक्ष इरफान अहमद ने संयुक्त रूप से किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा के खिलाफ अमर्यादित और अशोभनीय टिप्पणी की है, जिससे कार्यकर्ताओं में भारी रोष व्याप्त है।

जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने कहा कि संवैधानिक पद पर रहते हुए इस प्रकार की भाषा का प्रयोग करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री अपने बयान पर तत्काल माफी मांगें और विवादित टिप्पणी को वापस लें। त्यागी ने यह भी कहा कि इस तरह के व्यवहार वाले व्यक्ति को संवैधानिक पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।

शहर अध्यक्ष इरफान अहमद ने भी कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि देशभर के कांग्रेस कार्यकर्ता इस बयान से आहत हैं और जब तक माफी नहीं मांगी जाती, विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने नेताओं के सम्मान की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।

बताया गया कि यह विरोध प्रदर्शन उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर आयोजित किया गया। उनके आह्वान पर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर इसी तरह के प्रदर्शन किए गए।

इस मौके पर पूर्व विधायक गजराज सिंह, वीसी शर्मा, दिनेश चंद शर्मा, रामप्रसाद जाटव, नरेश भाटी, एजाज अहमद, अमरनाथ शर्मा, रविंद्र गुर्जर, गौरव गर्ग समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button