उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

उत्तर प्रदेश : बाथरूम में करंट लगने से 10 वर्षीय मासूम की मौत, गांव में शोक की लहर

Hapur News : हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बदनौली मढैय्या में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। यहां नहाते समय पानी गर्म करने वाली रॉड से करंट लगने के कारण 10 वर्षीय मासूम बंटी की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक बंटी राजकिशोर का पुत्र था, जो मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बंटी गांव के सरकारी स्कूल में कक्षा चार का छात्र था। ठंड बढ़ने के कारण घर के बाथरूम में पानी गर्म करने के लिए रॉड का उपयोग किया जा रहा था।

परिजनों के अनुसार, बुधवार को बंटी नहाने के लिए बाथरूम में गया था। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर माता-पिता को चिंता हुई। जब वे बाथरूम में पहुंचे तो देखा कि बंटी का सिर पानी से भरी बाल्टी में गिरा हुआ है और वह बेहोश पड़ा है। परिजन तुरंत उसे बाहर निकालकर स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए, जहां से उसे हापुड़ के बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

करंट लगने से बंटी के शरीर पर झुलसने के स्पष्ट निशान पाए गए। पिता राजकिशोर ने बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्होंने मकान की छत पर बाथरूम बनवाया था और ठंड से बचने के लिए पानी गर्म करने की रॉड का इस्तेमाल किया जा रहा था। इस अचानक हुई घटना से परिवार गहरे सदमे में है, वहीं मां का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं और परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।

Related Articles

Back to top button