Noida Kidnapping Case: घर में घुसकर मारपीट, युवक को बंधक बनाकर जान से मारने की धमकी, FIR दर्ज
नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र के पी-3 इलाके में एक युवक के साथ घर में घुसकर मारपीट, अपहरण और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पी-3 निवासी श्रीपाल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 13 मार्च की रात कुछ लोग उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। शिकायत के मुताबिक, नूतन गांव खानपुर निवासी सोलंकी, नूरपुर निवासी राम शर्मा और लवली उर्फ पवित्र भाटी उनके घर आए और अचानक मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपियों ने उसे जबरदस्ती एक गाड़ी में डालकर अज्ञात स्थान पर ले गए, जहां उसके साथ और भी बुरी तरह से मारपीट की गई। शिकायत में यह भी बताया गया है कि राम शर्मा ने कथित तौर पर चाकू से उसकी गर्दन और कंधे पर वार किया और पिस्तौल से गोली चलाने की कोशिश भी की।
इसके बाद पीड़ित को धमकी दी गई और पूरे मामले की जानकारी उसके परिजनों को बाद में मिली। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है।
कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास तेज कर दिए गए हैं।




