Noida Property Fraud: प्लॉट दिलाने के नाम पर दो महिलाओं से 21 लाख की ठगी, FIR दर्ज

Noida Property Fraud: प्लॉट दिलाने के नाम पर दो महिलाओं से 21 लाख की ठगी, FIR दर्ज
नोएडा में जमीन और प्लॉट दिलाने के नाम पर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें दो महिलाओं से कुल 21 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी रेखा देवी ने आरोप लगाया है कि वह नोएडा में प्लॉट खरीदना चाहती थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात श्यामाचरण मिश्रा नाम के व्यक्ति से हुई, जिसने गांव अलीवर्दीपुर में 50 वर्ग गज का प्लॉट दिखाकर वर्ष 2012 में बैनामा कराया। इसके बदले पीड़िता ने करीब 4 लाख रुपये नकद दिए, लेकिन उन्हें न तो प्लॉट का कब्जा मिला और न ही दाखिल-खारिज की प्रक्रिया पूरी हुई।
दूसरी पीड़िता संध्या राठौर ने भी इसी आरोपी पर ठगी का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2013 में उन्हें गांव कुलेसरा में 200 वर्ग गज का प्लॉट दिखाकर बैनामा कराया गया। इसके लिए उन्होंने 8 लाख रुपये का चेक और 9 लाख रुपये नकद दिए थे, लेकिन उन्हें न तो प्लॉट पर कब्जा मिला और न ही उनकी रकम वापस की गई।
दोनों महिलाओं का आरोप है कि आरोपी ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर उनसे कुल 21 लाख रुपये की ठगी की है और लंबे समय से उन्हें गुमराह करता रहा।
कोतवाली प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि पीड़िताओं की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है। पुलिस अब आरोपी की भूमिका और दस्तावेजों की सत्यता की भी जांच कर रही है।





