राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

उत्तर प्रदेश : हापुड़ में दिव्यांग युवक का शव पंखे से लटका मिलने से मचा हड़कंप

Hapur News : जनपद हापुड़ में थाना देहात क्षेत्र के जरौठी रोड स्थित एक आरा मशीन में एक दिव्यांग युवक का शव पंखे से लटका हुआ मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला माना है, लेकिन पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है।

मृतक की पहचान बंटी के रूप में हुई है, जो दिव्यांग था। वह बुलंदशहर जिले के भीमपुर दोराहा गांव का निवासी था। हापुड़ में वह जरौठी रोड स्थित गीता कॉलोनी में अपनी बहन और बहनोई राजीव के परिवार के साथ रहता था। राजीव आरा मशीन के पार्टनर हैं और बंटी वहीं काम करने के साथ रात में आरा मशीन के कमरे में ही सोता था।

मंगलवार सुबह करीब 8 बजे राजीव के बच्चे बंटी को चाय देने आरा मशीन पहुंचे। खिड़की से झांकने पर उन्होंने बंटी का शव पंखे से लटका देखा। बच्चों ने तुरंत राजीव को इसकी सूचना दी, जिसके बाद राजीव ने डायल 112 पर पुलिस को सूचित किया।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने शव का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह फांसी लगाकर आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। मृतक अविवाहित था। परिवार के सदस्यों के अनुसार, बंटी उनके साथ सामान्य रूप से रहता था और आरा मशीन की देखभाल भी करता था। पुलिस आत्महत्या के पीछे किसी मानसिक तनाव, पारिवारिक विवाद या अन्य किसी कारण की जांच कर रही है और विभिन्न पहलुओं से पूछताछ जारी है।

Related Articles

Back to top button