राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

उत्तर प्रदेश : बुलंदशहर में मिशन शक्ति 5.0 के तहत 151 महिलाएं सम्मानित, नारी सशक्तिकरण को मिला नया आयाम

Bulandshar News (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर में मंगलवार को मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत 151 महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। नुमाइश मैदान स्थित निकुंज हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में नारी सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन, स्वास्थ्य और सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। उन्होंने मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और समाज में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

सम्मान समारोह में चिकित्सक, अध्यापिका, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, छात्राएं, आशा और एएनएम कार्यकर्ता, खिलाड़ी, महिला उद्यमी, स्वास्थ्यकर्मी और पुलिस विभाग की महिला कर्मियों सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सेवा, महिला सुरक्षा, स्वावलंबन और जागरूकता अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कुल 151 महिलाओं को सम्मानित किया गया।

सम्मानित प्रमुख महिलाओं में डॉ. अंशु बंसल, प्राची, गायत्री वर्मा, अंतरराष्ट्रीय पावर लिफ्टर गीता तेवतिया, रजनी सिंह, नर्स रेणु, डॉ. मानसी सचदेवा, डॉ. यशमिता, आशा कार्यकर्ता गीतारानी, शिक्षामित्र अफरोज, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता साधना शर्मा, वसुधा पांडे, पूजा राजपूत, धावक ट्विंकल गुप्ता, महिला उप निरीक्षक अंजलि सिंह और महिला थाना प्रभारी स्वाति रानी शामिल रहीं।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर शंकर प्रसाद, क्षेत्राधिकारी यातायात पूर्णिमा सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर प्रखर पाण्डेय भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और महिला संबंधी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं में आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना को और अधिक मजबूत किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button