राज्यदिल्लीराज्य

New Delhi : सफाई कर्मचारियों से सीधा संवाद, समस्याओं के समाधान का भरोसा

New Delhi : मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को मुख्यमंत्री जन सेवा सदन में दिल्ली नगर निगम के सफाई कर्मचारी यूनियन की कोर कमेटी के प्रतिनिधियों के साथ अहम संवाद किया। इस दौरान विभिन्न यूनियनों के प्रतिनिधियों ने अपने मुद्दे, सुझाव और जमीनी स्तर पर आने वाली समस्याओं को खुलकर रखा। बातचीत में सफाई कर्मचारियों की भर्ती और नियमितीकरण का मुद्दा प्रमुख रूप से सामने आया, वहीं कार्यस्थल पर सुरक्षा की कमी, वेतन संबंधी समस्याएं और अन्य सेवा से जुड़ी परेशानियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधियों ने बेहतर चिकित्सा सुविधाएं, स्थायी नौकरी और सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की मांग रखी।

मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर को साफ और व्यवस्थित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनके हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस और व्यावहारिक कदम उठाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि यूनियन द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण, सुरक्षा और सम्मान मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार एक जिम्मेदार और संवेदनशील प्रशासन के रूप में काम करते हुए सफाई कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा और उनके जीवन स्तर में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button