Noida accident: वाहन की टक्कर से पैदल यात्री की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम, फेज-तीन थाना क्षेत्र की घटना

Noida accident: वाहन की टक्कर से पैदल यात्री की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम, फेज-तीन थाना क्षेत्र की घटना
नोएडा के फेज-तीन थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना पांच दिन पुरानी बताई जा रही है, जिसमें अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुए व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के परिजन की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के मयूर विहार फेज-तीन स्थित जय अंबे अपार्टमेंट निवासी राम मनोहर ने पुलिस को बताया कि उनके ताऊ के बेटे राम नारायण प्रसाद बिहार के सिवान जिले के टारी बाजार गांव के रहने वाले थे और नोएडा के सेक्टर-69 में ट्रांसपोर्ट का काम करते थे।
परिजनों के अनुसार, एक मार्च की शाम करीब 6:30 बजे राम नारायण गढ़ी चौखंडी से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे सेक्टर-69 के गेट नंबर-दो के पास पहुंचे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उन्हें तेज और लापरवाही से टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान तीन मार्च को उनकी मौत हो गई।
इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। वहीं पुलिस ने शिकायत दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी वाहन और चालक की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





