उत्तर प्रदेश : हापुड़ में फांसी के फंदे पर लटका मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

Hapur News : हापुड़ में नगर कोतवाली इलाके के मोहल्ला कोटला मेवतियान में एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, महीपाल सिंह निवासी कोटला मेवतियान के तीन पुत्र हैं। उनके बड़े पुत्र प्रवीण की दो साल पहले मौत हो चुकी है। उसके बाद प्रवीण की विधवा पत्नी सारिका का विवाह उनके छोटे भाई अंकित (35 वर्ष) से करा दिया गया। अंकित पल्लेदारी का काम करके परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। परिवार में घरेलू कलह आम बात थी।
बताया जा रहा है आए दिन पति-पत्नी के बीच किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। करीब 20 दिन पहले विवाद से परेशान होकर महीपाल सिंह अपनी पत्नी और छोटे पुत्र निक्की के साथ बेटी के यहां चंडीगढ़ चले गए थे। घटना सोमवार रात की बताई जा रही है। अंकित और उसकी पत्नी सारिका के बीच फिर से विवाद हो गया। इसके बाद अंकित मकान के ऊपर बने कमरे में चला गया।
रात में जब सारिका कमरे में पहुंची तो उसने अंकित का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ देखा तो तुरंत शोर मच दिया। किसी ने सूचना महीपाल सिंह को दी, जो परिवार सहित तुरंत मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद यह घटना हुई है।
मामले की जानकारी मिलने पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। विनोद पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। छानबीन में पता चला है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। फिलहाल जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





