Greater Noida Vending Zone: तिगरी में फुटपाथ बाजार बनेगा, जाम और अव्यवस्था से मिलेगी राहत

Greater Noida Vending Zone: तिगरी में फुटपाथ बाजार बनेगा, जाम और अव्यवस्था से मिलेगी राहत
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के तिगरी इलाके में लंबे समय से चली आ रही अव्यवस्था और जाम की समस्या को दूर करने के लिए प्राधिकरण ने बड़ा कदम उठाया है। यहां जल्द ही वेंडिंग जोन यानी फुटपाथ बाजार विकसित किया जाएगा, जिससे ठेली-पटरी लगाने वाले दुकानदारों को व्यवस्थित स्थान मिल सकेगा और सड़क किनारे लगने वाली अनियमित दुकानों पर नियंत्रण किया जा सकेगा।
प्राधिकरण के परियोजना विभाग द्वारा इस योजना के लिए सर्वेक्षण पूरा कर लिया गया है और अब काम शुरू करने की तैयारी चल रही है। अधिकारियों के मुताबिक, वर्तमान में तिगरी क्षेत्र में करीब 60 रेहड़ी-पटरी लगाने वाले लोगों की पहचान की गई है, जिन्हें इस नए वेंडिंग जोन में स्थान आवंटित किया जाएगा। इससे न केवल उनके रोजगार को स्थायित्व मिलेगा, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी।
दरअसल, चारमूर्ति से विजयनगर जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे बड़ी संख्या में ठेली-पटरी लगने के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। अव्यवस्थित ढंग से लगने वाली इन दुकानों की वजह से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। इसके अलावा सर्विस रोड के आगे प्राधिकरण की खाली पड़ी जमीन पर अतिक्रमण की शिकायतें भी लगातार सामने आती रही हैं। इन सभी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए वेंडिंग जोन बनाने का फैसला लिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि चिन्हित जमीन पर करीब 60 प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे, जहां केवल उन्हीं दुकानदारों को जगह दी जाएगी जो वर्तमान में वहां व्यापार कर रहे हैं। इससे अतिक्रमण पर रोक लगेगी और व्यवस्था में सुधार आएगा। ग्रेटर नोएडा के वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर के अनुसार, इस परियोजना से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
इसके साथ ही कुलेसरा इलाके में भी वेंडिंग जोन बनाने की योजना पर विचार किया जा रहा है। डीएससी मार्ग पर निर्माणाधीन आरसीसी नाले के ऊपर फुटपाथ विक्रेताओं को स्थान देने की योजना है, जिससे अतिक्रमण और गंदगी की समस्या को कम किया जा सके। यदि उच्च अधिकारियों से अनुमति मिलती है, तो यहां 40 से 50 दुकानदारों को व्यवस्थित तरीके से बसाया जाएगा।
प्राधिकरण ने शहर के अन्य क्षेत्रों में भी वेंडिंग जोन विकसित करने की दिशा में काम किया है। सेक्टर अल्फा-2, बीटा-2 और सेक्टर-36 में बनाए गए वेंडिंग जोन में अब तक 20 लोगों को प्लेटफॉर्म आवंटित किए जा चुके हैं। इसके अलावा अल्फा-2, बीटा-1 और 2, सेक्टर-36, ओमीक्रॉन-1ए और 3, ज्यू-2 और 3, गामा-2, डेल्टा-1 और 3 तथा पाई-1 और 2 जैसे सेक्टरों में कुल 769 प्लेटफॉर्म विकसित किए जा चुके हैं।
शहर के कई प्रमुख बाजारों जैसे गामा-1 जगत फार्म, बीटा-1 रामपुर, अल्फा-1 कमर्शियल बेल्ट और तुगलपुर में पार्किंग और वेंडिंग की स्थिति काफी खराब है, जहां शाम के समय जाम आम बात हो जाती है। ठेली-पटरी वालों के इधर-उधर दुकान लगाने से समस्या और बढ़ जाती है। इसको ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण ने भविष्य की जरूरतों को देखते हुए पार्किंग और वेंडिंग जोन को बेहतर बनाने की व्यापक कार्ययोजना तैयार की है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने बताया कि शहर में पार्किंग और वेंडिंग जोन की व्यवस्था को सुधारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। तिगरी में वेंडिंग जोन के लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे लोगों को राहत मिलेगी और शहर की व्यवस्था अधिक सुचारू हो सकेगी।



