उत्तर प्रदेश : बंद फाटक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आया व्यक्ति, मौके पर मौत

Hapur News : जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में कुचेसर चौपला स्थित फाटक संख्या 62सी के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां बंद रेलवे फाटक को पार कर रहे एक व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना बृहस्पतिवार दोपहर बाद की बताई जा रही है, जब करीब 58 वर्षीय व्यक्ति फाटक बंद होने के बावजूद उसे पार करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान अचानक आई डबल डेकर ट्रेन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और तत्काल इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस व आरपीएफ को दी। सूचना पर कुचेसर चौपला चौकी प्रभारी ओमकार गंगवार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों की मदद से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मृतक की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं।





