उत्तर प्रदेश : हापुड़ में टिंबर व्यापारी के घर लाखो की चोरी, दो दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली

Hapur News : हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र की इंद्रलोक कालोनी में एक टिंबर व्यापारी के घर से लाखों रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। मंगलवार को हुई इस घटना के समय व्यापारी कुलदीप कुमार गोयल अपने प्रतिष्ठान पर गये हुए थे जबकि उनकी पत्नी मोनिका गोयल चंडी मंदिर गई हुई थी, घर पर ताला लगा था लेकिन जब वह वापस लौटी और दरवाजा खोला तो बेडरूम की लाइट जल रही थी और दरवाजा पहले से ही खुला मिला जिससे उन्हें शक हुआ।
जब मोनिका ने अलमारी को चैक किया तो वहां से करीब 8 लाख रुपये नगद और सोने चांदी के जेवरात गायब मिले, यह देखकर वह घबरा गई और तुरंत अपने पति को फोन कर दिया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी लेकिन घटना के दो दिन बाद भी अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है जिससे लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है।
घटना के बाद व्यापारियों के मॉर्निंग ग्रुप के सदस्य थाना पहुंचे और थाना प्रभारी नीरज कुमार से मुलाकात कर जल्द खुलासे की मांग की, व्यापारियों का कहना है कि इस तरह की वारदातो से उनमें डर का माहौल बन रहा है और पुलिस को सख्त कदम उठाने चाहिए।
संयुक्त हापुड़ उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष ललित अग्रवाल और महामंत्री संजय अग्रवाल ने भी इस घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि पुलिस को जल्द से जल्द चोरो को पकड़ना चाहिए नही तो व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस करेंगे।
थाना प्रभारी नीरज कुमार ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि पुलिस टीम काम कर रही है और बहुत जल्द इस चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा, उन्होंने कहा कि किसी भी हालत में आरोपियों को बख्शा नही जाएगा और उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।





