Noida Crime: गांजा और अवैध शराब तस्करी में तीन युवक गिरफ्तार, भारी मात्रा में बरामदगी

Noida Crime: गांजा और अवैध शराब तस्करी में तीन युवक गिरफ्तार, भारी मात्रा में बरामदगी
नोएडा। शहर में मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। Noida के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से गांजा और अवैध देसी शराब बरामद हुई है।
एडिशनल डीसीपी Manisha Singh ने बताया कि सेक्टर-20 थाना पुलिस ने सेक्टर-29 स्थित गंगा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के पास से आरोपी विशाल को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक किलो 140 ग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी मूल रूप से अलीगढ़ का रहने वाला है और उसके खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और चोरी के कई मामले दर्ज हैं।
वहीं Phase-1 Police Station Noida की पुलिस ने सेक्टर-7 से इस्माइल नामक आरोपी को पकड़ा, जिसके पास से 107 टेट्रा पैक अवैध देसी शराब बरामद की गई। आरोपी बिहार के मधुबनी का निवासी है और वर्तमान में सेक्टर-8 स्थित जेजे कॉलोनी में रह रहा था।
इसके अलावा सेक्टर-10 बिजलीघर के पास बने पार्क से तीसरे आरोपी राजपाल को गिरफ्तार किया गया। वह मूल रूप से मुरादाबाद का निवासी है और नोएडा के निठारी इलाके में किराये पर रह रहा था। उसके पास से एक किलो 150 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी लंबे समय से दूसरे राज्यों से गांजा और शराब लाकर नोएडा में सप्लाई कर रहे थे और इनका आपराधिक इतिहास भी रहा है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस तरह के नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।





