राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

उत्तर प्रदेश : हापुड़ में ईद-उल-फितर को लेकर प्रशासन अलर्ट, तैयारियों का लिया जायजा

Hapur News : हापुड़ में ईद-उल-फितर के त्योहार को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में बुधवार को प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने शहर की मुख्य ईदगाह पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ईदगाह परिसर, नमाज स्थल, प्रवेश और निकास मार्ग सहित आसपास की व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा और साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण को लेकर विशेष निर्देश जारी किए, ताकि नमाज के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

निरीक्षण में अपर पुलिस अधीक्षक, सदर एसडीएम, क्षेत्राधिकारी वरुण मिश्रा और नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मौजूद रहे। अधिकारियों ने ईदगाह कमेटी और धर्मगुरुओं के साथ बैठक भी की, जिसमें व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान कमेटी के सदस्यों ने ईदगाह रोड पर साफ-सफाई की कमी का मुद्दा उठाया, जिस पर अधिकारियों ने नगर पालिका को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए और आश्वासन दिया कि नमाज से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।

प्रशासन की ओर से जानकारी दी गई कि हापुड़ शहर की ईदगाह में ईद-उल-फितर की नमाज सुबह 8 बजे अदा की जाएगी, जबकि शहर की करीब 55 मस्जिदों में भी नमाज होगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे सरकार की गाइडलाइन का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए पुलिस बल के साथ वॉलिंटियर्स की भी तैनाती की गई है, जो नमाज के दौरान व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नमाज केवल ईदगाह की चारदीवारी के अंदर ही अदा की जाएगी और सड़कों पर नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं होगी।

ईदगाह कमेटी के सदर हाजी नईम कुरैशी ने भी लोगों से अपील की है कि सभी लोग ईदगाह के भीतर ही नमाज अदा करें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शहर की सभी मस्जिदों में भी नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाएगी। निरीक्षण के दौरान हाजी नईम कुरैशी, डॉ. नजमुद्दीन हवारी, मौलवी असद, मुफ्ती मोहसिन, कारी शौकत, ग्यासुद्दीन मंसूरी, हाजी अब्दुल सलाम, सलाहुद्दीन, अयूब, इरफान कुरैशी, हाजी सईद जडोदिया, शकील हवारी और शाहिद मंसूरी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button