उत्तर प्रदेश : मामूली विवाद में दो पक्षों में जमकर चले लाठी-डंडे, घटना सीसीटीवी में कैद

Hapur News : जनपद हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के गांव बड़ौदा हिंदवान में बीती रात मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि एक पक्ष के लोग अपने घर के बाहर खड़े होकर आपस में बातचीत कर रहे थे। तभी बाइक पर सवार लाठी-डंडों से लैस तीन युवक वहां पहुंचते हैं और घर के बाहर खड़े लोगों पर अचानक हमला कर देते हैं। हमले के बाद घर के बाहर मौजूद लोग भी अंदर से डंडे लेकर बाहर आ जाते हैं और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो जाती है। इस दौरान दोनों पक्ष के लोग एक-दूसरे को गिराकर पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं।
घटना का पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है। एक युवक को हिरासत में लिया गया है। फिलहाल पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




