उत्तर प्रदेश : हापुड़ में अवैध गैस सिलेंडरों का भंडारण पकड़ा, 40 सिलेंडर बरामद

Hapur News : जनपद हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र के गांव असौड़ा में अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों का भंडारण करने का मामला सामने आया है। जिला पूर्ति विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी करते हुए एक व्यक्ति के घर से करीब 40 गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। हालांकि कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम असौड़ा के फूटा कुआं स्थित पंचायती घर के पास रहने वाला रिहान पुत्र इजहार अहमद अपने घर में अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों का भंडारण कर रहा था। इसकी सूचना मिलने के बाद जिला पूर्ति विभाग की टीम ने थाना हापुड़ देहात पुलिस के साथ मिलकर मौके पर छापेमार कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान टीम को घर के अंदर बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर रखे मिले। जांच के दौरान करीब 40 घरेलू गैस सिलिंडर बरामद किए गए, जिन्हें बिना किसी वैध अनुमति के जमा किया गया था। अधिकारियों ने सभी सिलेंडरों को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया।
अधिकारियों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण सुरक्षा की दृष्टि से भी बेहद खतरनाक है। आशंका जताई जा रही है कि इन सिलेंडरों की कालाबाजारी की जा रही थी। थाना देहात प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि जिला पूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर पूरे मामले की जांच की जा रही है और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





