Noida Holi Clash: होली खेलने को लेकर सोसाइटी में दो पक्ष भिड़े, मारपीट का वीडियो वायरल

Noida Holi Clash: होली खेलने को लेकर सोसाइटी में दो पक्ष भिड़े, मारपीट का वीडियो वायरल
नोएडा में होली के मौके पर हुड़दंग और मारपीट की घटनाएं सामने आई हैं। शहर की दो अलग-अलग सोसाइटियों से ऐसे वीडियो वायरल हो रहे हैं जिनमें लोगों के बीच जमकर झगड़ा और हाथापाई होती दिखाई दे रही है। सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे इन वीडियो के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई है और मामले में कार्रवाई की गई है।
जानकारी के मुताबिक पहली घटना नोएडा के सेक्टर-79 स्थित सिविटेक स्टेडिया सोसाइटी की है। यहां होली खेलने के दौरान दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। वायरल वीडियो करीब एक मिनट 20 सेकेंड का बताया जा रहा है, जिसमें 12 से 14 लोग एक व्यक्ति को घेरकर पीटते और गाली-गलौज करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में कुछ महिलाएं भी मौके पर मौजूद दिखाई दे रही हैं।
बताया जा रहा है कि होली के दौरान रंग लगाने और तेज आवाज में डांस को लेकर विवाद शुरू हुआ था। पहले दोनों पक्षों के बीच बहस हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। वहां मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह झगड़ा शांत कराया। इसके बाद माहौल सामान्य हुआ और लोग फिर से होली खेलने लगे।
दूसरी घटना ग्रेटर नोएडा वेस्ट की राधा स्काई गार्डन सोसाइटी की बताई जा रही है। यहां भी होली के दिन सुरक्षा गार्डों और सोसाइटी के निवासियों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। वायरल वीडियो में सुरक्षा गार्डों को लाठी-डंडों से लोगों को पीटते हुए देखा जा सकता है।
निवासियों का कहना है कि होली के मौके पर कुछ लोग अपने परिवार के साथ सोसाइटी परिसर में डांस कर रहे थे और त्योहार मना रहे थे। इसी दौरान सुरक्षा गार्ड वहां पहुंचे और उन्हें रोकने लगे। इसी बात को लेकर बहस शुरू हुई और देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया।
घटना के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों से जुड़े 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पकड़े गए लोगों में आनंद पुत्र, गुड्डू कुमार मालदार, प्रकाश राय, किशन, दीपक, शिव कुमार शुक्ला, छबिनाथ, मदन लाल, राकेश और अनुराग कुमार शामिल हैं। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर घटना की पड़ताल की जा रही है। यदि किसी भी पक्ष की गलती पाई जाती है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सोसाइटी प्रबंधन से भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली जा रही है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
होली जैसे त्योहार पर इस तरह की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था और सोसाइटी में रहने वाले लोगों के बीच तालमेल को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान संयम बनाए रखें और किसी भी विवाद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें।




