उत्तर प्रदेशराज्य

All India Police T20 League: ऑल इंडिया पुलिस टी-20 लीग के लिए ग्रेटर नोएडा में जुटीं टीमें, एक से 6 मार्च तक होगा रोमांचक मुकाबला

All India Police T20 League: ऑल इंडिया पुलिस टी-20 लीग के लिए ग्रेटर नोएडा में जुटीं टीमें, एक से 6 मार्च तक होगा रोमांचक मुकाबला

नोएडा। गौतमबुद्ध नगर में 1 से 6 मार्च तक आयोजित होने वाली छह दिवसीय ऑल इंडिया पुलिस टी-20 लीग को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और गुजरात की पुलिस टीमें ग्रेटर नोएडा पहुंच चुकी हैं। प्रतियोगिता में कुल आठ टीमें भाग लेंगी, जो देश के चार अलग-अलग जोन का प्रतिनिधित्व करेंगी।

सूत्रों के मुताबिक रविवार को प्रस्तावित मुकाबलों के कार्यक्रम में बदलाव की संभावना है। बताया जा रहा है कि रविवार के मैच अब सोमवार से खेले जा सकते हैं। यदि ऐसा हुआ तो सोमवार को दो मुकाबले आयोजित किए जा सकते हैं। आयोजन समिति द्वारा संशोधित कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा जल्द किए जाने की संभावना है।

सभी मुकाबले शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, ग्रेटर नोएडा में खेले जाएंगे। बीएसएफ में इंस्पेक्टर राकेश ने जानकारी दी कि तीन टीमें पहुंच चुकी हैं, जबकि शेष पांच टीमें शनिवार और रविवार तक जिले में पहुंच जाएंगी।

उन्होंने बताया कि इस प्रकार के खेल आयोजनों से पुलिस कर्मियों में तनाव कम करने और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने में मदद मिलती है। खेल के माध्यम से आपसी सहयोग, टीम भावना और अनुशासन की भावना और मजबूत होती है।

लीग प्रारूप के तहत पांच दिनों में चार क्वार्टर फाइनल और दो सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। नॉर्थ जोन से दिल्ली पुलिस और आरआरएफ, वेस्ट जोन से महाराष्ट्र और गुजरात पुलिस, साउथ जोन से पुडुचेरी तथा अंडमान और निकोबार पुलिस, जबकि ईस्ट जोन से एसएसबी और पश्चिम बंगाल पुलिस की टीमें सेमीफाइनल के लिए चयनित हुई हैं।

क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल मुकाबलों की मेजबानी को लेकर बीएसएफ ने स्टेडियम में तैयारियां तेज कर दी हैं। मैदान की साज-सज्जा की जा रही है और परिसर को आकर्षक रूप दिया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था के साथ दर्शकों की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है, ताकि आयोजन सुचारु और सफल तरीके से संपन्न हो सके।

ग्रेटर नोएडा में होने जा रही यह लीग न केवल खेल प्रेमियों के लिए रोमांच लेकर आएगी, बल्कि विभिन्न राज्यों की पुलिस टीमों के बीच बेहतर समन्वय और सौहार्द का भी मंच बनेगी।

Related Articles

Back to top button