
Defence Security Corps: देश के संवेदनशील सैन्य प्रतिष्ठानों की सुरक्षा में डिफेंस सिक्योरिटी कॉर्प्स की अहम भूमिका
नई दिल्ली। डिफेंस सिक्योरिटी कॉर्प्स (डीएससी) ने बुधवार को अपने 79वें स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया। इस अवसर पर कर्नल कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल विपुल सिंघल ने कहा कि डीएससी की भूमिका न केवल देश के संवेदनशील सैन्य प्रतिष्ठानों की सुरक्षा में महत्वपूर्ण है, बल्कि संकट के समय नागरिक प्रशासन की सहायता में भी इसकी भूमिका अत्यंत सराहनीय रही है।
समारोह की शुरुआत राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि समारोह से हुई, जहां कर्नल कमांडेंट सिंघल ने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने डीएससी के आदर्श वाक्य ‘रक्षा तथा सुरक्षा’ की प्रासंगिकता पर जोर देते हुए सभी अधिकारियों और जवानों से अपने कर्तव्यों के निर्वहन में सर्वोच्च पेशेवर मानकों और समर्पण बनाए रखने का आह्वान किया।
उत्कृष्ट और सराहनीय सेवा देने वाले डीएससी कर्मियों को इस अवसर पर पुरस्कार भी प्रदान किए गए। डीएससी भारतीय सशस्त्र बलों की सुरक्षा व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है और यह देशभर में महत्वपूर्ण सैन्य परिसंपत्तियों की सुरक्षा में लगातार अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है। स्थापना दिवस समारोह के माध्यम से आठ दशकों के समर्पित और गौरवपूर्ण योगदान को याद किया गया और भविष्य में भी देश की सेवा में तत्पर रहने का संकल्प दोहराया गया।





