उत्तर प्रदेश : कोचिंग के लिए निकली बीए छात्रा लहूलुहान मिली, गले और हाथ पर धारदार हथियार के निशान

Hapur News : हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब कुचेसर चौपला से अल्लीपुर मार्ग स्थित इंडस ग्लोबल स्कूल के पीछे एक युवती लहूलुहान अवस्था में पड़ी मिली। युवती की पहचान गांव बनखंड़ा निवासी 21 वर्षीय शगुन के रूप में हुई है, जो बीए की छात्रा बताई जा रही है। उसकी गर्दन और हाथ पर धारदार हथियार से हमले के निशान पाए गए हैं।
बताया जा रहा है कि शगुन प्रतिदिन की तरह मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे कुचेसर चौपला स्थित एक कोचिंग सेंटर में पढ़ाई के लिए घर से निकली थी। वह रोजाना दोपहर करीब चार से साढ़े चार बजे के बीच कोचिंग से घर लौटती है, लेकिन मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में स्कूल के पीछे घायल अवस्था में मिली।
आसपास के लोगों ने युवती को खून से लथपथ हालत में देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अचेत अवस्था में पड़ी छात्रा को गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही घटना की जानकारी परिजनों को दी गई, जिसके बाद परिजन भी ग्रामीणों के साथ अस्पताल पहुंच गए।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवती को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल युवती और उसके परिजनों ने कोई बयान नहीं दिया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और सत्यता सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





