राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

उत्तर प्रदेश : अवैध संबंधों के चलते पति की हत्या, पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार

Bulandshar News (अवनीश त्यागी) : जनपद के शिकारपुर थाना क्षेत्र में हुए नीरज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या की थी। एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में घटना का खुलासा करते हुए बताया कि 17/18 फरवरी 2026 की रात रानीवाला चौराहे के पास एक ऑटो के नीचे एक व्यक्ति का शव मिला था। मृतक की पहचान डिबाई थाना क्षेत्र के गांव गौसमी हीरापुर निवासी नीरज पुत्र शीशराम के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला दबाना पाया गया।

इस मामले में मृतक के चाचा देवेंद्र भारद्वाज की तहरीर पर शिकारपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 48/2026 धारा 103(1)/61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच शुरू करते हुए मृतक की पत्नी पूजा और उसके प्रेमी गौरव उर्फ रोहित को गिरफ्तार कर लिया। गौरव उर्फ रोहित थाना अहमदगढ़ क्षेत्र के गांव खखुड़ा का निवासी है, जबकि पूजा डिबाई के गौसमी हीरापुर की रहने वाली है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पूजा और गौरव के बीच अवैध संबंध थे और एक दिन नीरज ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसके बाद दोनों ने नीरज को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 16 फरवरी की रात गौरव ने अपने एक साथी ओमवीर के साथ नीरज को ट्यूबवेल पर ले जाकर शराब पिलाई और फिर रानीवाला चौराहे पर ले जाकर गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी।

घटना को दुर्घटना का रूप देने के लिए आरोपियों ने नीरज के ऑटो को पलट दिया और उसकी गर्दन ऑटो के नीचे दबाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त गमछा बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button