
New Delhi : दिल्ली पुलिस स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में इमवा महिला पत्रकार एकादश और महिला पुलिस शाहदरा एकादश के बीच मैत्री क्रिकेट मैच खेला गया। मुकाबले में महिला पत्रकारों की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 विकेट से जीत दर्ज की। महिला पत्रकार टीम की कमान संतोष सूर्यवंशी ने संभाली, जबकि महिला पुलिस टीम का नेतृत्व परदीप कौर ने किया।
महिला पुलिस शाहदरा एकादश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया और निर्धारित 10 ओवर में 59 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए इमवा महिला पत्रकार एकादश ने एक विकेट खोकर 60 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मैत्री मैच में मिताली को दमदार बल्लेबाजी और प्रीति को बेहतरीन गेंदबाजी के लिए संयुक्त रूप से मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। शाहदरा जिले के डीसीपी प्रशांत गौतम ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। दोनों टीमों की खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह भी दिए गए। इमवा के कोच राजीव निशाना की रणनीति और मार्गदर्शन टीम की जीत में महत्वपूर्ण साबित हुए।





