Noida Accident: हाईवे पर घायल ड्राइवर की मदद करना पड़ा भारी, दो चालकों की दर्दनाक मौत

Noida Accident: हाईवे पर घायल ड्राइवर की मदद करना पड़ा भारी, दो चालकों की दर्दनाक मौत
नोएडा के सेक्टर-58 थाना क्षेत्र में मेरठ-दिल्ली हाईवे पर सोमवार रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां मानवता दिखाने के दौरान दो चालकों की जान चली गई। हाईवे पर हुए इस हादसे में पहले एक पिकअप और ट्रक की टक्कर हुई, जिसके बाद घायल ड्राइवर की मदद कर रहे तीन ट्रक चालकों को तेज रफ्तार सब्जी से लदे ट्रक ने कुचल दिया। इस भयावह दुर्घटना में दो चालकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात मेरठ से दिल्ली की ओर जा रही बीच वाली लेन में पिकअप वाहन संख्या DL 1C AH 1790 पीछे से ट्रक संख्या MP 07 GA 9111 से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप चालक अमित वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया। हादसा देख मौके पर मौजूद अन्य वाहन चालकों ने अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर दिए और घायल चालक को बाहर निकालने के प्रयास में जुट गए।
इसी दौरान मानवता की मिसाल पेश कर रहे तीन ट्रक चालक सड़क पर राहत कार्य में लगे थे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार सब्जी से लदे ट्रक संख्या UP 37 AT 6693 ने लापरवाही से उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। अचानक हुई इस टक्कर से तीनों चालक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दो चालकों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान देवेंद्र (34) पुत्र कमलेश, निवासी ढकिया हमीद नगर, जिला शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) और गोविंद चौहान (करीब 35), निवासी फददपुर ऐरावाला बास गांव, जिला आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। दोनों की मौत से उनके परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
वहीं इस हादसे में घायल हुए लोगों में वीरेंद्र (24) पुत्र अमर सिंह यादव, निवासी ग्राम भावरी थाना जैतीपुर जिला शाहजहांपुर, साहिल पुत्र अख्तर अली निवासी ग्राम जोहड़ी जिला बागपत और हरिओम (35) पुत्र नरेंद्र, निवासी मंगोलपुरी दिल्ली शामिल हैं। तीनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस ने तेज रफ्तार सब्जी ट्रक के चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज गति और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ





