Himachal Pradesh CM: मुख्यमंत्री सुक्खू ने ‘पढ़ाई विद एआई’ ऐप का किया शुभारंभ, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को मिलेगा डिजिटल संबल

Himachal Pradesh CM: मुख्यमंत्री सुक्खू ने ‘पढ़ाई विद एआई’ ऐप का किया शुभारंभ, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को मिलेगा डिजिटल संबल
शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने बिलासपुर जिले के बरठीं में जिला प्रशासन बिलासपुर की अभिनव पहल ‘पढ़ाई विद एआई’ ऐप का विधिवत शुभारंभ किया। यह एआई आधारित डिजिटल शिक्षण प्लेटफॉर्म विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए तैयार किया गया है, जो विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं और संसाधनों की कमी के कारण गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन से वंचित रह जाते हैं। इस पहल के माध्यम से जिला प्रशासन ने तकनीक को शिक्षा से जोड़ते हुए विद्यार्थियों को आधुनिक और सुलभ सीखने का मंच उपलब्ध कराया है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि शिक्षा केवल पाठ्यक्रम पूरा करने या परीक्षा पास करने का साधन नहीं है, बल्कि यह समाज को नई दिशा देने, सोच को व्यापक बनाने और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य संवारने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सशक्त औजार मानते हुए लगातार नवाचारों को प्रोत्साहित कर रही है, ताकि हर विद्यार्थी को समान अवसर मिल सके और उसकी प्रतिभा निखर सके।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने ‘पढ़ाई विद एआई’ ऐप को विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक दूरदर्शी और सशक्त पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से विद्यार्थियों को घर बैठे गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक सामग्री, स्मार्ट लर्निंग टूल्स और प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप अध्ययन सामग्री उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि ऐप में एआई तकनीक के जरिए विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुसार अध्ययन सामग्री तैयार की जाएगी, जिससे उनकी तैयारी अधिक प्रभावी और लक्ष्य केंद्रित हो सकेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस प्लेटफॉर्म के तहत पूर्ण डिजिटल शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिसमें नियमित अकादमिक काउंसलिंग की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इससे विद्यार्थियों को न केवल विषयों की बेहतर समझ मिलेगी, बल्कि परीक्षा की रणनीति, समय प्रबंधन और करियर मार्गदर्शन में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल ग्रामीण और दूरदराज़ क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगी।
उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि एनटीपीसी के सहयोग से ‘पढ़ाई विद एआई’ परियोजना को सफलतापूर्वक लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित, गुणवत्तापूर्ण और सुलभ शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि वे राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में ऐसे नवाचार समय की आवश्यकता हैं। उन्होंने कहा कि यह ऐप भविष्य में अन्य जिलों के लिए भी एक मॉडल के रूप में कार्य कर सकता है।
इस अवसर पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में इस नई पहल को लेकर उत्साह देखने को मिला और सभी ने इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।





