YIDA Big Action: यीडा का बड़ा एक्शन, हेरिटेज सिटी और राया अर्बन सेंटर की 25 हेक्टेयर जमीन अतिक्रमण मुक्त, 1000 करोड़ की भूमि बचाई

YIDA Big Action: यीडा का बड़ा एक्शन, हेरिटेज सिटी और राया अर्बन सेंटर की 25 हेक्टेयर जमीन अतिक्रमण मुक्त, 1000 करोड़ की भूमि बचाई
नोएडा। यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YIDA) ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अब तक की बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरिटेज सिटी और राया अर्बन सेंटर परियोजनाओं की लगभग 25 हेक्टेयर बहुमूल्य भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया है। इस जमीन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1000 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर की गई, जिसमें अवैध होटल, ढाबे और कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया गया।
प्राधिकरण के अनुसार यह भूमि ग्राम पिपरौली खादर, अरूवा खादर और पानी गांव खादर क्षेत्र में स्थित है। कार्रवाई के दौरान मथुरा के हेरिटेज सिटी क्षेत्र में नियमों को ताक पर रखकर किए जा रहे निर्माणों को ध्वस्त किया गया। यमुना नदी के किनारे लगभग 2 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी को पूरी तरह गिरा दिया गया। इसके साथ ही हेरिटेज सिटी के कोर एरिया में ग्राम अरवा खादर और ग्राम पिपरौली खादर में बन रही दो बड़ी अवैध कॉलोनियों को भी पूरी तरह समाप्त कर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि हेरिटेज सिटी मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट है और इस क्षेत्र में किसी भी तरह का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्राधिकरण ने पहले भी कई बार चेतावनी दी थी, इसके बावजूद अतिक्रमण किए गए, जिसके बाद यह सख्त कदम उठाया गया। कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। एसडीएम मांट रितु सिरोही और क्षेत्राधिकारी पी. सिंह के नेतृत्व में 11 थानों की पुलिस फोर्स, भारी पुलिस बल और पीएसी की तैनाती की गई थी।
पूरी ध्वस्तीकरण कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से सायं 6 बजे तक चली और किसी भी तरह के विरोध या अप्रिय स्थिति की सूचना नहीं मिली। यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने साफ शब्दों में कहा है कि भविष्य में भी अवैध अतिक्रमण के खिलाफ इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। यह पूरी कार्रवाई यीडा के विशेष कार्य अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसमें डिप्टी कलेक्टर शिव अवतार सिंह, अभिषेक शाही और कृष्ण गोपाल त्रिपाठी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे





