उत्तर प्रदेश : हापुड़ में दिनदहाड़े 64 लाख की लूट, एडीजी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, टीमें कर रही जांच

Hapur News : हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में एनएच-9 पर दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात से हड़कंप मच गया। स्कूटी सवार तीन बदमाशों ने राजस्थान के एक चावल व्यापारी से हथियारों के बल पर 64 लाख रुपये की नकदी लूट ली। घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस महानिदेशक भानू भास्कर ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने मेरठ, गाजियाबाद और बुलंदशहर में छापेमारी शुरू कर दी है।
यह वारदात शनिवार को उस समय हुई जब राजस्थान के सीकर जिले के डाणी पाटन निवासी चावल व्यापारी राकेश राजपूत अपने पार्टनर वैभव के साथ हापुड़ की रेलवे रोड स्थित एचडीएफसी बैंक से 64 लाख रुपये निकालकर दिल्ली की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक एनएच-9 पर पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में पहुंची, स्कूटी पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने तमंचे दिखाकर हवाई फायरिंग की और नकदी से भरा बैग छीन लिया। इसके बाद उन्होंने बाइक की चाबी निकालकर फेंक दी और मौके से फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। सोमवार को अपर पुलिस महानिदेशक भानू भास्कर पिलखुवा पहुंचे, जहां उन्होंने एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर और सीओ अनीता चौहान समेत अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर अब तक की कार्रवाई की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर विभिन्न पहलुओं पर जांच की। एडीजी ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा और लूट में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।





