Greater Noida: पुष्प प्रदर्शनी में फूलों से सजे सुपरमैन, स्पाइडरमैन और आयरनमैन बनेंगे आकर्षण

Greater Noida: पुष्प प्रदर्शनी में फूलों से सजे सुपरमैन, स्पाइडरमैन और आयरनमैन बनेंगे आकर्षण
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के सम्राट मिहिर भोज सिटी पार्क में अगले महीने आयोजित होने वाली पुष्प प्रदर्शनी इस बार बच्चों और परिवारों के लिए खास आकर्षण लेकर आ रही है। पुष्प प्रदर्शनी-2026 में इस बार फूलों से बनी सुपरमैन, स्पाइडरमैन और आयरनमैन की भव्य प्रतिकृतियां दर्शकों का ध्यान खींचेंगी। इसके साथ ही ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित तेजस एयरक्राफ्ट की झलक और लोकप्रिय कार्टून कैरेक्टर नारूटो भी बच्चों के मनोरंजन का केंद्र होंगे।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा यह पुष्प प्रदर्शनी 26 फरवरी से 1 मार्च तक आयोजित की जाएगी। चार दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में एक लाख से अधिक मौसमी फूलों का प्रदर्शन किया जाएगा। फूलों से बनी विभिन्न कलात्मक प्रतिकृतियों में पशु, पक्षी, जीव-जंतु और सुपरहीरो शामिल होंगे। इन प्रतिकृतियों को इस तरह डिजाइन किया जाएगा कि वे कम से कम एक सप्ताह तक ताजगी बनाए रखें।
प्राधिकरण द्वारा पुष्प प्रतिकृतियों और सजावट पर करीब 21 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और अनुभवी फर्मों से आवेदन मांगे गए हैं। निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 27 जनवरी निर्धारित की गई है। वहीं सेक्टर ईटा-1 स्थित प्राधिकरण की नर्सरी में सजावटी गमले वाले विभिन्न प्रकार के मौसमी फूल भी मंगाए जाएंगे, जिस पर लगभग 39 लाख रुपये खर्च होंगे।
उद्यान विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस बार पुष्प प्रदर्शनी को बच्चों के लिए और अधिक रोचक बनाने की विशेष तैयारी की जा रही है। नारूटो, स्पाइडरमैन, आयरनमैन और सुपरमैन जैसी प्रतिकृतियां पूरी तरह मौसमी फूलों से बनाई जाएंगी। इन आकृतियों को तैयार करने के लिए बागवानी और फ्लोरल डिजाइन के विशेषज्ञों की मदद ली जाएगी, ताकि कलाकृतियां लंबे समय तक सुरक्षित और आकर्षक बनी रहें।
चार दिवसीय कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक गतिविधियों की भी धूम रहेगी। सामाजिक संस्थाओं के साथ-साथ स्कूलों के बच्चों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। नृत्य, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए पुष्प प्रदर्शनी को एक उत्सव का रूप दिया जाएगा।
इस वर्ष पुष्प प्रदर्शनी की थीम फ्लावर कैलेंडुला रखी गई है। कार्यक्रम को और भव्य बनाने के लिए सिटी पार्क के अलावा ग्रेटर नोएडा के प्रमुख मार्गों के गोलचक्करों, हरित क्षेत्रों और सेंट्रल वर्ज पर भी कैलेंडुला के पौधे लगाए जा रहे हैं। यह कार्य पहले ही शुरू कर दिया गया है, ताकि प्रदर्शनी के समय पौधे पूरी तरह खिले नजर आएं।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के प्रमुख महाप्रबंधक संदीप चंद्रा ने बताया कि शहर में 40 गोलचक्कर, 45 हरित क्षेत्र और 17 सेंट्रल वर्ज विभिन्न एजेंसियों को गोद पर दिए गए हैं। इन सभी एजेंसियों को पुष्प प्रदर्शनी को ध्यान में रखते हुए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि हरित क्षेत्रों की सजावट समय पर पूरी की जा सके।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने बताया कि पुष्प प्रदर्शनी को यादगार बनाने के लिए फूलों से बनी सुपरहीरो प्रतिकृतियों, पशु-पक्षियों की आकृतियों और ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित एयरक्राफ्ट की झलक को खास तौर पर शामिल किया जा रहा है। कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां तेजी से चल रही हैं और उद्यान विभाग को समय से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ





