उत्तर प्रदेश : मथुरा में अंतर्राज्यीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, दक्षिण भारत में खपाते थे ठगी का पैसा

Mathura News : मथुरा की थाना हाईवे पुलिस ने एक बड़े अंतर्राज्यीय साइबर ठगी गिरोह का खुलासा करते हुए पांच शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार शाम भरतपुर रोड स्थित लक्ष्मी गार्डन के पास घेराबंदी कर इन आरोपियों को दबोचा। आरोपियों के कब्जे से 4 लाख 6 हजार 220 रुपये नकद, सात महंगे मोबाइल फोन और छह डेबिट कार्ड बरामद किए गए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों के बैंक खातों से जुड़े देशभर में करीब 16 साइबर ठगी की शिकायतें पहले से दर्ज हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि इस गिरोह का मुख्य सरगना सचिन पुत्र योगेंद्र निवासी राया है, जो फिलहाल फरार चल रहा है। सचिन अपने साथियों को बैंक खाते खुलवाने के बदले दस प्रतिशत कमीशन का लालच देता था। ठगी की रकम वह इन्हीं खातों में मंगवाता था और जैसे ही पैसा खाते में आता, फेसबुक या व्हाट्सएप कॉल के जरिए अलर्ट कर देता था। इसके बाद आरोपी तत्काल नजदीकी एटीएम से नकदी निकालकर सचिन को सौंप देते थे।
गिरोह की कार्यप्रणाली बेहद शातिर थी। सरगना सचिन अपने साथियों को यह भरोसा दिलाता था कि वे कभी पकड़े नहीं जाएंगे क्योंकि ठगी के लिए जिन खातों का इस्तेमाल किया जाता था, वे मुख्य रूप से दक्षिण और पश्चिम भारत के राज्यों जैसे केरल, तमिलनाडु और महाराष्ट्र से जुड़े होते थे। उसका मानना था कि वहां की पुलिस इतनी दूर मथुरा तक जांच करने नहीं पहुंचेगी। आरोपियों ने एक पूरी चेन बना रखी थी, जिसमें हर सदस्य को आगे तीन अन्य लोगों से खाते खुलवाने होते थे, जिससे कमीशन की रकम बढ़ती जाती थी।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन कुमार उम्र 22 वर्ष निवासी राया मथुरा, सतेन्द्र उम्र 26 वर्ष निवासी राया मथुरा, संजय उम्र 23 वर्ष निवासी इग्लास अलीगढ़, हसीब उम्र 24 वर्ष निवासी इग्लास अलीगढ़ और सुखवीर उम्र 21 वर्ष निवासी इग्लास अलीगढ़ के रूप में की है। इनके पास से अलग-अलग मात्रा में नकदी, मोबाइल फोन और डेबिट कार्ड बरामद किए गए हैं।
थाना हाईवे पुलिस के अनुसार पकड़े गए सभी आरोपी पेशेवर साइबर अपराधी हैं। इनके खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 317(5) और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं गिरोह के मुख्य सरगना सचिन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।





