Noida Accident: जीरो पॉइंट पर दर्दनाक सड़क हादसा, बोलेरो में डीजल डालते समय होंडा सिटी की टक्कर से दो सगे भाइयों की मौत, आरोपी चालक गिरफ्तार

Noida Accident: जीरो पॉइंट पर दर्दनाक सड़क हादसा, बोलेरो में डीजल डालते समय होंडा सिटी की टक्कर से दो सगे भाइयों की मौत, आरोपी चालक गिरफ्तार
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जीरो पॉइंट के पास रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। नोएडा की ओर नीचे उतरने वाले मार्ग पर बोलेरो गाड़ी में डीजल भरते समय तेज रफ्तार होंडा सिटी कार ने दोनों भाइयों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि दोनों युवक कई फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान गौरव शर्मा (32) और मनोज शर्मा (40) पुत्र जयप्रकाश शर्मा, निवासी गांव कुंडली बांगर, थाना नॉलेज पार्क के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों भाई रविवार शाम परिवार के साथ बोलेरो गाड़ी से कपड़ों की खरीदारी के लिए निकले थे। रात करीब साढ़े आठ बजे लौटते समय जीरो पॉइंट के पास उनकी गाड़ी का डीजल खत्म हो गया। इसके बाद मनोज किसी तरह पास के पेट्रोल पंप से डीजल लेकर आया और सड़क किनारे खड़े होकर बोलेरो में डीजल भरने लगा। वहीं गौरव सड़क पर आ रहे वाहनों को साइड कराने में मदद कर रहा था।
इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही होंडा सिटी कार अनियंत्रित हो गई और सीधे दोनों भाइयों को टक्कर मार दी। परिजनों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और दोनों भाइयों को कार काफी दूरी तक घसीटती चली गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को ग्रेटर नोएडा स्थित यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद गांव कुंडली बांगर में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जांच में सामने आया है कि मनोज शर्मा सेक्टर-150 एटीएस के पास मोमोज की ठेली लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था, जबकि गौरव शर्मा की एटीएस के पास किराना और चाय की दुकान थी। दोनों भाई शादीशुदा थे। मनोज के परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं, जबकि गौरव के परिवार में दो बेटे और एक बेटी है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि होंडा सिटी कार का चालक नशे की हालत में था और लापरवाही से वाहन चला रहा था। पुलिस ने मामले में बिहार निवासी सिद्धार्थ कात्यान को गिरफ्तार कर लिया है और हादसे में शामिल होंडा सिटी कार को कब्जे में ले लिया गया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का कारण माना जा रहा है। कोतवाली प्रभारी सर्वेश चंद्र ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ





