AAP Protest: दिल्ली में प्रदूषण पर सियासत तेज, गाजीपुर बॉर्डर टोल टैक्स के खिलाफ AAP पार्षदों का प्रदर्शन

AAP Protest: दिल्ली में प्रदूषण पर सियासत तेज, गाजीपुर बॉर्डर टोल टैक्स के खिलाफ AAP पार्षदों का प्रदर्शन
रिपोर्ट: रवि डालमिया
राजधानी दिल्ली में लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण के स्तर के बीच राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी के पार्षदों ने गाजीपुर बॉर्डर स्थित टोल टैक्स पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पोस्टर और पंपलेट के साथ आम आदमी पार्टी के दिल्ली नगर निगम सह प्रभारी प्रवीण कुमार और नेता विपक्ष अंकुश नारंग के नेतृत्व में पहुंचे पार्षदों ने जमकर नारेबाजी की और प्रदूषण के दौरान टोल टैक्स को तुरंत बंद करने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि टोल प्लाजा पर वाहनों के लंबे जाम के कारण प्रदूषण और अधिक बढ़ रहा है, जिससे दिल्लीवासियों की सेहत पर गंभीर असर पड़ रहा है।
नेता विपक्ष अंकुश नारंग ने आरोप लगाया कि राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर तक पहुंच चुका है, लेकिन भाजपा सरकार इसे नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि अदालत ने अपने ऑब्जर्वेशन में साफ तौर पर माना है कि टोल टैक्स पर वाहनों का जाम प्रदूषण बढ़ाने वाले प्रमुख कारणों में से एक है और ऐसे में प्रदूषण की गंभीर स्थिति के दौरान टोल टैक्स को बंद किया जाना चाहिए। इसके बावजूद 15 दिनों से अधिक समय बीत जाने के बाद भी दिल्ली नगर निगम सरकार ने कोर्ट के इस ऑब्जर्वेशन पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
अंकुश नारंग ने मांग की कि दिल्ली की सीमाओं पर लगाए गए सभी टोल टैक्स को तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए, ताकि लोगों को घंटों जाम में न फंसना पड़े और प्रदूषण के स्तर को कुछ हद तक कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतारें न केवल समय की बर्बादी हैं, बल्कि जहरीली हवा का बड़ा कारण भी बन रही हैं, जिसकी अनदेखी नहीं की जा सकती।
वहीं आम आदमी पार्टी के दिल्ली नगर निगम सह प्रभारी प्रवीण कुमार ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा को दिल्ली के लोगों की सांसों की चिंता नहीं है, बल्कि उसे केवल कमाई की फिक्र है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश और टिप्पणियों के बावजूद सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की। प्रवीण कुमार ने कहा कि भाजपा सरकार आम आदमी की रोजी-रोटी और तंदूर तक बंद कर सकती है, लेकिन अपने कमाई के अड्डे यानी टोल टैक्स को बंद करने की हिम्मत नहीं दिखा रही है।
प्रवीण कुमार ने यह भी कहा कि प्रदूषण रोकने के नाम पर भाजपा की तथाकथित चार इंजन की सरकार पूरी तरह फेल साबित हुई है। दिल्ली में प्रदूषण की भयावह स्थिति के बावजूद न तो ठोस नीति बनाई गई और न ही जमीनी स्तर पर कोई प्रभावी कदम उठाया गया। आम आदमी पार्टी के पार्षदों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही टोल टैक्स बंद करने का फैसला नहीं लिया गया, तो उनका आंदोलन और तेज किया जाएगा।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ





