राज्यउत्तर प्रदेश

Shaheed Vijay Singh Pathik stadium: शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम को स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सेंटर बनाने की पहल, सुविधाएं होंगी और आधुनिक

Shaheed Vijay Singh Pathik stadium: शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम को स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सेंटर बनाने की पहल, सुविधाएं होंगी और आधुनिक

नोएडा। ग्रेटर नोएडा स्थित शहीद विजय सिंह पथिक खेल परिसर में स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने खेल सुविधाओं को उन्नत करने हेतु रुचि की अभिव्यक्ति (EOI) जारी करते हुए विशेषज्ञ कंपनियों से सुझाव आमंत्रित किए हैं। इसका उद्देश्य स्टेडियम के संचालन, रखरखाव, तकनीकी मूल्यांकन और प्रशिक्षण व्यवस्था को मजबूत करना है, ताकि जिले के खिलाड़ियों को अत्याधुनिक सुविधा मिल सके और उन्हें प्रशिक्षण के लिए अन्य शहरों का रुख न करना पड़े।

लगभग 38 एकड़ में फैले इस विशाल खेल परिसर में क्रिकेट, मुक्केबाजी, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, लॉन टेनिस, बास्केटबॉल, स्केटिंग, फुटबॉल और स्विमिंग जैसी सुविधाएं मौजूद हैं, लेकिन बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर होने के बावजूद खिलाड़ियों को इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण ने पूरे ढांचे के पुनर्मूल्यांकन और उच्च स्तरीय तकनीकी सुधार के लिए निजी क्षेत्र की सहभागिता लेने का फैसला किया है।

प्राधिकरण के ओएसडी अभिषेक पाठक ने कहा कि खेल परिसर को अधिक उपयोगी बनाने और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की कोचिंग मुहैया कराने के उद्देश्य से ईओआई जारी की गई है। विशेषज्ञों से सुझाव लिए जाएंगे और बेहतरीन प्रस्तावों को धरातल पर उतारा जाएगा। चुने गए संचालक को खेल अकादमी स्थापित करने, खेल गतिविधियों के विस्तार और व्यावसायिक संचालन की स्वतंत्रता दी जाएगी।

इसके साथ ही प्रशिक्षकों की नियुक्ति, विशेष प्रशिक्षण व्यवस्था और सुविधाओं की समयबद्ध मेंटेनेंस योजना भी लागू की जाएगी। प्राधिकरण राजस्व साझेदारी मॉडल के आधार पर निजी क्षेत्र को स्टेडियम के संचालन की जिम्मेदारी सौंपने पर विचार कर रहा है। इस कदम का उद्देश्य ओलंपिक, एशियन और कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को तैयार करना है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी ने कहा कि शहीद विजय सिंह पथिक खेल परिसर को खेल उत्कृष्टता केंद्र (Sports Excellence Centre) के रूप में विकसित करने की दिशा में काम शुरू हो चुका है। अत्याधुनिक सुविधाओं के माध्यम से न केवल गौतमबुद्ध नगर बल्कि आसपास के जिलों के खिलाड़ियों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। यह पहल खेल प्रतिभाओं को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम साबित होगी।

Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ

Related Articles

Back to top button