उत्तर प्रदेश : प्रोफेसर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, गंगा किनारे ब्रजघाट में मिली बाइक बाइक

Hapur News : जनपद बुलंदशहर के थाना शिकारपुर के भौइच गांव के रहने वाले आकाश भारद्वाज आजकल अमरोहा के थाना गजरौला की मानसरोवर कालोनी में रहते हैं। आकाश भारद्वाज वेंकेटेश्वरा यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर हैं। शुक्रवार की सुबह वह अपने अमरोहा स्थित घर से निकले थे। इसके बाद दोपहर के समय परिजनों ने उनसे वार्ता करने के लिए फोन मिलाया तो उनका मोबाइल नहीं मिल रहा था। काफी देर प्रयास करने के बाद परिजनों ने पुलिस का सहारा लिया तो गजरौला पुलिस को उनके मोबाइल की अंतिम लोकेशन तीर्थ नगरी ब्रजघाट की मिली।
इसके बाद गजरौला एवं गढ़मुक्तेश्वर पुलिस एवं परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। उनकी बाइक गंगा तट के पास मिल गई, जबकि प्रोफेसर का कोई पता नहीं चला। प्रोफेसर के नहीं मिलने से परिजन काफी परेशान दिखाई दिए। गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज बालियान ने बताया कि प्रोफेसर की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज चेक करा रहे हैं। वहीं गंगा किनारे सामान आदि बेचने वालों और नाविकों को उनका फोटा दिखाकर जानकारी करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और प्रोफेसर की तलाश में जुटी हुई है। परिजन अनहोनी की आशंका से चिंतित हैं और पुलिस से जल्द से जल्द प्रोफेसर को ढूंढने की गुहार लगा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि जल्द ही प्रोफेसर को ढूंढ लिया जाएगा और मामले की जांच की जा रही है।





