Noida Crime: नोएडा में अवैध शराब और चाकू के साथ 26 वर्षीय युवक गिरफ्तार, पुलिस कर रही जांच
नोएडा में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सेक्टर-27 के पास से एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 26 वर्षीय राहुल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से शराब के 35 पौवे और एक अवैध चाकू बरामद किया है। आरोपी को उस समय पकड़ा गया, जब वह कथित तौर पर अवैध रूप से शराब बेच रहा था। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को पुलिस की टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सेक्टर-27 में सार्वजनिक शौचालय के पीछे एक युवक अवैध शराब बेच रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पुलिस ने युवक की तलाशी ली तो उसके पास से शराब के 35 पौवे बरामद हुए। तलाशी के दौरान उसकी कमर के पीछे एक चाकू भी मिला। पुलिस ने शराब और चाकू को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, राहुल वर्तमान में नोएडा के सेक्टर-27 में रह रहा है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह शराब कहां से लाया था तथा उसे किन लोगों को बेचने की योजना थी। इसके साथ ही उसके खिलाफ पहले से दर्ज मामलों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
