Construction Site Accident: जेपी स्टार कोर्ट सोसाइटी में सुपरवाइजर के सिर पर गिरा भारी सामान, मौत
नोएडा। जेपी स्टार कोर्ट सोसाइटी में निर्माण कार्य के दौरान बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। सामान ले जाने वाली लिफ्ट से अचानक भारी सामान नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में वहां मौजूद एक सुपरवाइजर आ गया। सिर पर गंभीर चोट लगने के बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सेक्टर बीटा-2 कोतवाली पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान दिल्ली निवासी 50 वर्षीय जगजीत सिंह के रूप में हुई है। वह जेपी स्टार कोर्ट सोसाइटी में चल रहे निर्माण कार्य की निगरानी के लिए सुपरवाइजर के तौर पर तैनात थे। बुधवार सुबह वह निर्माण स्थल पर मौजूद थे और साइट के कामकाज को देख रहे थे।
इसी दौरान ऊंचाई पर निर्माण सामग्री ले जा रही मालवाहक लिफ्ट से किसी कारणवश भारी सामान अचानक नीचे आ गिरा। उस समय जगजीत सिंह नीचे मौजूद थे। सामान उनके सिर पर गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद जगजीत सिंह को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।
कोतवाली प्रभारी के अनुसार फिलहाल मृतक के परिजनों की ओर से घटना को लेकर कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
