युद्ध नशों के विरुद्ध’: संगरूर में नशा तस्करों द्वारा बनाई 2 अवैध इमारतें बुलडोजर से ध्वस्त की गई

युद्ध नशों के विरुद्ध’: संगरूर में नशा तस्करों द्वारा बनाई 2 अवैध इमारतें बुलडोजर से ध्वस्त की गई

एसएसपी सरताज सिंह चाहल और एसडीएम चरणजोत सिंह वालिया ने अभियान का नेतृत्व किया

नशा तस्करों को कड़ा संदेश, संगरूर जिले में नशे का काला कारोबार नहीं चलने दिया जाएगा: सरताज सिंह चाहल

सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई जारी रहेगी: चरणजोत सिंह वालिया

संगरूर/चंडीगढ़,18 मार्च:

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के सख्त निर्देशों पर राज्य में नशा तस्करों के खिलाफ शुरू की गई जंग के तहत जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से संगरूर शहर की राम नगर बस्ती में नशा तस्करों द्वारा बनाए गए दो अवैध ढांचों को गिराने के लिए बुलडोजर चलाया। इस अभियान का नेतृत्व एसएसपी सरताज सिंह चाहल और एसडीएम चरणजोत सिंह वालिया ने किया, जबकि एसपी नवरीत सिंह विर्क, डीएसपी सुखदेव सिंह और तहसीलदार विश्वजीत सिंह, सहायक टाउन प्लानर सुशील कुमार, नायब तहसीलदार बलजिंदर सिंह भी इस अभियान के दौरान मौजूद थे।

इस अवसर पर एसएसपी सरताज सिंह चाहल ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा जिला संगरूर में नशा तस्करों का पूरी तरह से सफाया करने के लिए शुरू की गई मुहिम को सफलतापूर्वक लागू करते हुए प्रशासन द्वारा आज बुलडोजर से अवैध इमारतों को गिराने की यह दूसरी कार्रवाई है तथा हम नशे के काले कारोबार में संलिप्त प्रत्येक असामाजिक तत्व को सख्त चेतावनी देते हैं कि वे ऐसे बुरे धंधे बंद कर दें, अन्यथा परिणाम बुरे होंगे। एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखी और नगर परिषद के माध्यम से इन अवैध इमारतों को ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई।

एसएसपी सरताज सिंह चाहल ने बताया कि आज जिन दो अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की गई, उनमें से एक में रहने वाले राजपाल सिंह और राजविंदर कौर के खिलाफ एनडीपीएस के तहत 7 और 4 पुलिस मामले दर्ज हैं, जबकि दूसरे घर में रहने वाली लक्खो नामक महिला के खिलाफ एनडीपीएस के तहत 4 मामले दर्ज हैं।

इस मौके पर मौजूद एसडीएम संगरूर चरणजोत सिंह वालिया ने कहा कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर मकान एवं इमारतें निर्माण करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम के तहत पुलिस के सहयोग से आज यह सख्त कार्रवाई की गई है, जिससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि प्रशासन व पुलिस, पंजाब से नशा तस्करों का पूरी तरह सफाया करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा पंजाब के युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

ममूटी ने कहा कि उन्हें ‘मेगास्टार’ की उपाधि पसंद नहीं है, उन्हें लगता है कि उनके जाने के बाद लोग उन्हें याद नहीं रखेंगे

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img