Uttarakhand : उत्तराखंड में स्थापित होगा देश का पहला ‘अग्निवीर सेल’, मुख्यमंत्री धामी ने की बड़ी घोषणाएं

Dehradun : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को यूथ फाउण्डेशन ट्रेनिंग एरिया-कुआंवाला, देहरादून में यूथ फाउण्डेशन द्वारा आयोजित ‘युवा अग्निवीर संवाद’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड को देश का पहला राज्य बनाने की घोषणा की, जहां अग्निवीरों के लिए विशेष ‘अग्निवीर सेल’ की स्थापना की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवामुक्त होकर लौटने वाले अग्निवीरों को राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए यह समर्पित सेल बनाया जाएगा। साथ ही पर्यटन विभाग की होमस्टे योजना के अंतर्गत पूर्व सैनिकों तथा अग्निवीरों को होमस्टे स्थापित करने के लिए विशेष अनुदान दिया जाएगा। सीमावर्ती गांवों में स्थानीय निवासियों, पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को स्वरोजगार से जुड़ी अवस्थापना सुविधाएं विकसित करने के लिए भी विशेष अनुदान स्वीकृत किया जाएगा।

अग्निवीरों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निवीरों का सम्मान राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सरकार उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राज्य सरकार द्वारा गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क प्रशिक्षण की व्यवस्था की जा रही है। सेवा पूर्ण करने वाले अग्निवीरों को पुलिस, वन विभाग, आपदा प्रबंधन सहित राज्य की सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जाएगा। इसके साथ अधिकतम आयु सीमा में छूट और भर्ती प्रक्रियाओं में आवश्यक प्राथमिकता भी सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निवीर, सैनिकों और शहीदों के परिवारों के कल्याण के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। शहीद परिवारों की अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की गई है। आश्रितों को सरकारी सेवा में समायोजन की व्यवस्था की गई है। सरकारी नौकरी के लिए आवेदन की समय-सीमा 2 वर्ष से बढ़ाकर 5 वर्ष की गई है और वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों के सम्मान में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। युद्ध विधवाओं एवं दिव्यांग सैनिकों के लिए विशेष सहायता तथा पूर्व सैनिकों के सम्मानजनक अंतिम संस्कार के लिए आर्थिक सहायता की व्यवस्था भी की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निवीर बनना केवल नौकरी प्राप्त करना नहीं बल्कि राष्ट्रसेवा का सर्वोच्च अवसर है। सेना में बिताए गए चार वर्ष अग्निवीरों के जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होंगे।

इस अवसर पर विधायक बृजभूषण गैरोला, यूथ फाउण्डेशन के संस्थापक कर्नल अजय कौठियाल, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img